एक मर्ज़ हो गया है
दिल को शायद
सुराख़ हो गया है
दिल में
कुछ रिस रहा है
बेसाख़्ता वहाँ से
रुक नहीं रहा हो
कुछ भी जैसे
बह रहीं हैं
तकलीफ़देह यादें
छूट रहीं हैं
चीख़ और टीसें
तेज़ बहाव है
दर्द का
तेज़ी से
ख़ाली हो रहा है दिल
साथ ही मिल रही है
मुक्ति तनाव से
उलझन से
शांत हो रही है जलन
निकल रही है चुभन
इस सुराख़ से
जाने क्यूँ लोग
इस सुराख़ से डरते हैं
इसे मर्ज़ कहते हैं
मैं तो कहती हूँ
हर दिल में ये
सुराख़ होना चाहिए
बह जाए जहाँ से
हर अनचाही पीड़ा
हर बिन माँगी तकलीफ़
और हर वो बेबात का दर्द
जिसे हम पाले घूमते हैं
दिल को भरते हैं
भारी करते हैं
और एक रोज़ इसी भार से
बेवक़्त मरते हैं !
No comments:
Post a Comment